मंडी धनौरा। लोकसभा चुनावों को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। विधानसभा क्षेत्र में पुलिस को करीब नौ हजार लोगों से शांति भंग की आशंका सता रही है। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच थाना क्षेत्रों से लगभग नौ हजार लोगों को शांति भंग की आशंका में निरूद्ध किया गया है। पाबंद किए गए लोग अपना मुचलका भरने के लिए एसडीएम कोर्ट में अपनी हाजिरी लगा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए थाना गजरौला, बछरायूं, धनौरा, रजबपुर व नौगांवा सादात से अभी तक 8731 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। सर्वाधिक 4071 लोग थाना गजरौला से पाबंद किए गए हैं। थाना बछरायूं से दो हजार, थाना धनौरा से 1874, थाना रजबपुर से 760 व थाना नौगांवा सादात से 26 लोगों को पाबंद किया गया है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पाबंद किए गए लाेगों को एसडीएम कोर्ट में अपने मुचलके जमा करने होते हैं। यदि चुनाव में गड़बड़ी हुई तो उस गांव के पाबंद किए गए लोग जिम्मेदार होंगे। एसडीएम कोर्ट व तहसील परिसर में पाबंद किए गए लोगों की भीड़ लगी रहती है।