भाजपा प्रदेश कार्यालय ने अगवानपुर नगर पंचायत से अभिनव गुप्ता को चेयरमैन पद का प्रत्याशी घोषित किया है। इस मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता अंशुल गुप्ता के समर्थक नाराज हो गए। भाजपा नेता अंशुल गुप्ता रविवार की रात समर्थकों के साथ बुद्धिविहार स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय का फाटक बंद था। समर्थकों ने भाजपा जिंदाबाद, न्याय दो, न्याय दो का नारा लगाना शुरू किया। देर तक समर्थक नारेबाजी करते रहे लेकिन भाजपा कार्यालय का फाटका खुला नहीं।
पता चला कि महानगर के पदाधिकारी रात में नामांकन की तैयारी के लिए मंत्रणा कर रहे थे। देर रात तक अगवानपुर के लोगों की भीड़ कार्यालय पर डटी थी। इस बारे में फोन करने पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान मोबाइल उठा नहीं रहे थे। महानगर अध्यक्ष का कहना था कि इस मामले में वह कुछ नहीं कह सकते हैं। जिले के पदाधिकारी ही अपनी राय देंगे। अगवानपुर के समर्थकों का कहना था कि टिकट नहीं मिला तो सभी लोग चेयरमैन के घोषित प्रत्याशी का विरोध करेंगे।