कांठ। निजी अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों ने हंगामा कर नाराजगी जताई लेकिन उनके द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
कांठ के गांव की महिला ने रविवार की शाम एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया था।नवजात का स्वास्थ ठीक नहीं होने पर परिजनों ने नगर में ही दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे मशीन में रखकर इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह यहां पूरी तरह से स्वस्थ था और मंगलवार अस्पताल से छुट्टी भी मिलने वाली थी, लेकिन इससे पूर्व ही नवजात की अस्पताल में मौत हो गई। जिस पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर नाराजगी जताई। यहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। काफी देर तक चली गहमा-गहमी के बाद कुछ लोगों के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया। नवजात के परिजन कोई भी कार्रवाई न करते हुए शव को घर ले गए।