मुरादाबाद। शहर के लोगों को आज यानी सोमवार को अटल घाट के रूप में नया पिकनिक स्पॉट मिलेगा। सोमवार का नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग मंत्री एके शर्मा लखनऊ से अटल घाट समेत 66 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए गए अटल घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की 20 फीट ऊंची स्थापित की गई विशालकाय प्रतिमा समेत 493.73 लाख के नौ विकास कार्यों का जहां लोकार्पण होगा वहीं लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग समेत 5129.03 लाख रुपये के 29 विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। पीएम आवास योजना शहरी के तहत दस लाभार्थियों को आवास की चाबी भी प्रदान की जाएगी। यह सभी कार्य नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग मंत्री एके शर्मा लखनऊ से वर्चुअल के माध्यम से करेंगे।
निकाय चुनाव की तैयारी के बीच आनन-फानन नगर निगम के इस लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के सियासी मायने लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन अटलघाट पर किया जाएगा। महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त संजय चौहान समेत नगर निगम के सभी अधिकारियों के अलावा अधिकांश पार्षद व शहर के कई गणमान्य लोग भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर मेयर विनोद अग्रवाल ने अटल घाट पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया वहीं अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में निगम की पूरी टीम तैयारी को अंतिम रूप देने में लगी रही।