अमर उजाला ब्यूरो मुरादाबाद। नगरायुक्त ने बुधार को राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों का संचालन कर टैक्स जमा करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए मोहल्लो, कार्यालयों आदि में सैनिटाइजर का छिड़काव करवाया गया। नगरायुक्त संजय चौहान ने इंटीग्रेट कमांड सेंटर के माध्यम से संचालित चैटबॉट का उपयोग कर लॉकडाउन की अवधि में गृहकर, जलकर नैट बैंकिंग और आनलाइन जमा करवाने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी करदाता कर जमा कर दस फीसदी की छूट हासिल करना चाहता है, वह आनलाइन सुविधा का उपयोग कर सकता है। नगरायुक्त के अनुसार जो करदाता आनलाइन टैक्स जमा करने में असमर्थ हैं, उनके लिए संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर राजस्व वसूली शिविरों का आयोजन कराया जा रहा है। शिविरों में सामाजिक दूरी का पालन कर राजस्व का भुगतान किया जा सकता है। इसके अलावा नगर निगम के कर्मचारियों ने क्वारंटीन सेंटर, जिलाधिकारी, आयुक्त कार्यालय, कालोनियों आदि में सैनिटाइजर का छिड़काव किया। नगर निगम द्वारा संचालित सामुदायिक रसोई के माध्यम से 1305 भोजन के पैकेट तैयार करवाकर जरूरतमंदों को बंटवाए गए।