मुरादाबाद। प्रेम वंडरलैंड स्थित फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर रविवार रात टेलर की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल भाग निकले। पुलिस की छानबीन से पता चला कि टेलर का एक मछली आढ़ती से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आढ़ती ने घात लगाकर हमला कराया है। पुलिस आरोपी मछली आढ़ती की तलाश में जुट गई है।
रामपुर दोराहा बरवाला माजरा निवासी सालिम (24) पुत्र भूरे की मुस्तफाबाद में टेलर की दुकान है। रविवार रात नौ बजे सालिम दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। किसी का कॉल आने पर वह प्रेम वंडर लैंड के सामने फ्लाईओवर के नीचे बाइक खड़ी कर मोबाइल पर बात करने लगा। इसी समय बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सीने पर तीन-चार वार होने के कारण सालिम लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। उधर से गुजर रहे कुछ लोगों ने सड़क किनारे लहूलुहान पड़े सालिम को पहचाना और छोटे भाई आरिफ को सूचना दी। आरिफ अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और सालिम को उठा कर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया। कटघर थानाप्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि जाहिरा तौर पर चोट नुकीले या धारदार हथियार की प्रतीत हो रही है। इस मामले में सालिम के पिता भूरे ने देर रात तहरीर दी। परिजनों ने बताया कि रामपुर तिराहे पर मछली की आढ़त करने वाले युवक से सालिम की रंजिश चल रही थी। आरोप लगाया कि आढ़ती ने हमला कराया सालिम की हत्या कराई है। आरोपी बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी
एसएसपी हेमंत कोटियाल ने बताया कि देखने पर हमला धारदार हथियार से होना प्रतीत हो रहा है। परिवार के लोगों ने रंजिश का कारण बताया है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सारे तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।
चार माह पहले भी हुआ था हमला
छोटे भाई आरिफ ने बताया कि बड़े भाई पर करीब चार माह पहले भी हमला हुआ था। कुछ दिनोें तक वह पैर से लंगड़ाता रहा लेकिन उसने हमलावरों के बारे में भाइयों को जानकारी नहीं दी थी। पिता के पूछने पर सालिम ने बताया था कि रामपुर तिराहे पर मछली का एक आढ़ती है। उसी ने हमला कराया था। इस मामले में सालिम ने थाने में शिकायत नही की थी।
हत्यारों ने तो नहीं कराया था फोन
जिस तरह सालिम की हत्या की गई उससे प्रतीत हो रहा है कि कातिल पहले से घात लगाए थे। हत्यारों ने
प्रेम वंडरलैंड स्थित फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर सूनसान जगह को वारदात अंजाम देने के लिए चुना था। आशंका जताई जा रही है कि सालिम को इस जगह रोकने के लिए हत्यारों ने ही किसी से कॉल करवाई थी। कॉल आने पर सालिम रुक कर बात करने लगा और घात लगाए बैठे या पीछा कर रहे हत्यारों ने वारदात अंजाम दी।