फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांगन तिराहे पर कैंटर चालक की गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
कुंदरकी (मुरादाबाद)। ओवरटेक करने में कैंटर की टक्कर लगने से ट्रक का साइड मिरर टूट गया तो गुस्साए ट्रक चालक ने कैंटर चालक को पीटा और फिर सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। मैनाठेर थानाक्षेत्र में संभल-मुरादाबाद रोड पर गांगन तिराहे पर शनिवार सुबह हुई वारदात में पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन

भगतपुर थानाक्षेत्र के मल्हूपुरा हरदो डांडी निवासी अजहर उर्फ नन्हें ने मैनाठेर पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई मजहर खान उर्फ बाबू अपने आयशर कैंटर में दिल्ली से रद्दी लेकर काशीपुर जा रहे थे। साथ में दूसरी गाड़ी चल भी रही थी। जिसको चालक प्रदीप कुमार चला रहा था। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर एक ट्रक आगे पीछे चल रहा था। ओवरटेक करने के बाद ट्रक और कैंटर की हल्की से भिड़ंत हो गई थी। जिसमें ट्रक का साइड वाला शीशा टूट गया। इसी को लेकर मजहर खान उर्फ बाबू की उस ट्रक के चालक से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि तीन किलोमीटर चलने के बाद ट्रक चालक ने उनकी दोनों गाड़ियां गांगन तिराहे पर संभल-मुरादाबाद रोड पर रुकवा ली। इसी दौरान आरोपी ने फोन करके अपने एक साथी को भी बुला लिया। ट्रक चालक ने साथी की मदद से मजहर खान को कैंटर से बाहर खींच लिया और मारपीट की। अजहर और प्रदीप बचाने पहुंचे तो ट्रक चालक ने अपने साथी के कहने पर मजहर खान (35) की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। जिससे खून से लथपथ मजहर खान वहीं गिर गया। इसी बीच दोनों आरोपी मौके से भाग गए। अजहर और प्रदीप लहूलुहान मजहर खान को ऑटो से लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैंटर चालक की हत्या की सूचना मिलने पर कटघर और मैनाठेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि कैंटर चालक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें