बिलारी। नगर में गीला और सूखा कूड़ा संग्रह करने और कूड़े को निर्धारित कूड़ेदान में डालने को लेकर नागरिकों में जागरूकता का अभाव नजर आ रहा है इसलिए नगर में सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं हो पा रही है। इस मुददे पर मंगलवार दोपहर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव और अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने पालिका सभागार में पालिका स्टाफ के साथ बैठक की। बैठक में सभी सफाई कर्मियों को उनका काम और जिम्मेदारी भी बताई। बैठक के बाद पालिकाध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता बुलाकर जानकारी दी कि गीला और सूखा कूड़ा संग्रह को लेकर बिलारी नगर में डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पालिका के जनप्रतिनिधि और स्टाफ मोहल्लों में जाकर नागरिकों के साथ बैठक कर उन्हें सफाई अभियान सफल बनाने के प्रति जागरूक करेंगे। इस अभियान में नगर के स्वैच्छिक और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। संवाद