ठाकुरद्वारा। नगर पालिका परिषद और व्यापारी प्रकरण में पुलिस ने विवादित भूमि के बारे में एसडीएम को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है। कोतवाली के सामने स्थित भूमि को नगर पालिका अपनी बताती है उस पर पहले दो लोगों को कई वर्ष पहले खोखा आवंटित किया गया था। इस भूमि पर नगर पालिका ने खोखा रखने का प्रयास किया तो व्यापारी अवनीश सिंघल ने नक्शा स्वीकृत करने के नाम पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी के खिलाफ 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अधिवक्ता मुमताज आलम सैफी की ओर से भी नक्शा स्वीकृत करने के लिए पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दोनों मामलों की विवेचना कोतवाली के उप निरीक्षक रजत कुमार कर रहे हैं। अवनीश सिंघल की दर्ज रिपोर्ट के मामले में विवेचना अधिकारी ने एसडीएम को पत्र लिखकर कोतवाली के सामने स्थित भूमि के बारे में जानकारी देने का अनुरोध किया है। एसडीएम प्रीति सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस का पत्र प्राप्त हुआ है उन्होंने उसे तहसीलदार को भेज दिया है। संवाद