मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के कटरा पूरन जाट मोहल्ले में शनिवार की सुबह सफाई करने पहुंची नगर निगम की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने टीम में मौजूद कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। नगर निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रदीप कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। नगर निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रदीप कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शनिवार की सुबह करीब 7:30 बजे सफाई नायक नितिन और अन्य कर्मचारी कोतवाली क्षेत्र के कटरा पूरनजाट मोहल्ले में सफाई करने पहुंचे थे। टीम दुर्गा मंदिर के सामने स्थित प्लॉट में जमा कूड़ा हटाने के लिए सफाई अभियान चला रही थी। आरोप है कि इसी दौरान वहां रहने वाले लोग आ गए। उन्होंने सफाई अभियान का विरोध किया। जिसे लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। विरोध और विवाद के बावजूद नगर निगम की टीम ने प्लॉट से कूड़ा हटाने का काम पूरा कराया। इसके बाद वहां कीटनाशक का छिड़काव भी कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा पुलिस के सामने उठाया है। अपर नगर आयुक्त की ओर से भेजे गए पत्र में प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ ही सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा देने की मांग की गई है। सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।