गनेशघाट निवासी अमन (22) पुत्र किशन पाल एक माह पहले बड़े भाई अंकित और गांव के राधे और अन्य साथियों के साथ राजस्थान के सवाईमाधो क्षेत्र में अमरूद के बाग में फल तोड़ने गया था। गाय से बाइक टकराने पर अमन के सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।
शव लेकर आए बड़े भाई अंकित ने बताया कि दो दिसंबर की रात करीब आठ बजे अमन और राधे बाइक से उनियारा थाना अलीगढ़ जिला टौंक जा रहे थे। चौक बाईपास के नजदीक अचानक गाय सामने आ गई। बाइक गाय से टकराने के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में अमन के सिर में चोट लगने के कारण मौके पर मौत हो गई। राधे के हाथ में चोट आई। इस मामले में बड़े भाई ने थाना अलीगढ़ पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस से बड़े भाई ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। पुलिस ने शव उसे सुपुर्द कर दिया। एम्बुलेंस से सुबह छोटे भाई का शव लेकर वह घर पहुंचा तो देखने वालों की भीड़ लग गई। सभी की आंखें नम थीं। अमन की बहन संजना, भाई पवन, अंकित भी बेसुध हो गए।