मुरादाबाद। मां का हत्यारोपी कपिल को पाकबड़ा पुलिस ने कोर्ट में रविवार को पेश करने के बाद जेल भेज दिया। जेल जाते समय वह रो रहा था। पुलिस की जांच में आया है कि पहले भी कपिल गुस्से में आकर अपनी मां को मामूली बातों को लेकर मारता पीटता था। मां के प्रति उसका व्यवहार पहले से खराब था। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी इकलौते बेटे कपिल सैनी ने अपनी मां सावित्री की शुक्रवार की दोपहर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शनिवार को बहन और रिश्तेदारों के आने पर घटना की जानकारी पाकबड़ा पुलिस तक पहुंची। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी बेटे ने बताया कि वह मां से शराब खरीदने के लिए 500 रुपये मांग रहा था। मां ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने गुस्से आकर रस्सी से मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। गांव उमरी निवासी सावित्री (50) के पति ऋषिपाल की 2016 में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सात बीघा जमीन पत्नी सावित्री के नाम दर्ज हो गई थी। सावित्री अपनी बेटी रोशनी और इकलौते बेटे कपिल की शादी कर चुकी थीं। कपिल मजदूरी करता था और अपनी पत्नी ललिता व तीन बच्चों वैभव, दिव्यांशी और आराध्या के साथ मां के साथ ही रहता था। वह शराब पीने का भी आदी था। पिछले कुछ समय से कपिल अपनी मां पर जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था, जबकि मां सावित्री इसके लिए तैयार नहीं थी। इस बीच तीन दिन पूर्व कपिल की पत्नी ललिता अपने तीनों बच्चों को लेकर सिविल लाइंस के गौतमनगर स्थित मायके चली गई थी। घर में कपिल और उसकी मां सावित्री अकेली थी। शुक्रवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे कपिल ने अपनी मां की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी और बहन को कॉल करके बताया कि मां जीने से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद 17 घंटे तक वह शव के पास ही बैठकर रोते हुए दुखी होने का ड्रामा करता रहा। शनिवार सुबह जब आरोपी का साला योगेंद्र वहां पहुंचा, तो मृतका के गले पर निशान देखकर उसे शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम के दौरान महिला की गला घोटकर हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने साले की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसके जीजा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी और जिस कागज से खून पोछा था उसे भी बरामद कर लिया। रविवार की सुबह थाने में आरोपी रोने लगा। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। इस बारे में सीओ कुलदीप गुप्ता ने बताया कि जांच में आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपनी मां को घरेलू विवाद के दौरान मारता पीटता था।