ठाकुरद्वारा की युवती का मंगेतर शादी से पहले उसकी छोटी बहन को अगवा कर ले गया। इस मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बुधवार को पुलिस को बताया कि उसने अपनी बड़ी बेटी की शादी गांव गोपीवाला निवासी युवक के साथ दो वर्ष पूर्व तय की थी।
नवंबर 2025 में निकाह होना तय हुआ था। रिश्ता होने के बाद युवक का उनके घर पर आना-जाना हो गया। महिला का आरोप है कि 14 जुलाई को सुबह उसकी नाबालिग छोटी बेटी मार्केट में घर का सामान लेने गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं आई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
पता चला कि उसकी बेटी को उसका होने वाला दामाद अगवा कर ले गया। लड़की घर में रखे 50 हजार रुपये भी अपने साथ ले गई है। महिला का आरोप है कि शिकायत करने पर युवक पक्ष ने उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।