मुरादाबाद। पीएसी तरणताल पर आयोजित तीन दिवसीय क्रॉस कंट्री एवं तैराकी प्रतियोगिता में मुरादाबाद की नवीं वाहिनी पीएसी अव्वल रही। इस प्रतियोगिता में पीएसी पश्चिमी जोन की मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद समेत 14 वाहिनियों के 84 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। अंतिम दिन रविवार को 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन हुआ। नवीं वाहिनी मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
तैराकी प्रतियोगिता की समस्त स्पर्धाओं में भी नवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए। इसके अलावा वाटर पोलो के फाइनल में भी नवीं वाहिनी ने 23वीं वाहिनी पीएसी को हराकर विजेता की ट्रॉफी जीती। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के अपर पुलिस महानिदेशक रवि जोसेफ लोक्कू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद की सेनानायक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने नवीं वाहिनी पीएसी की टीम के कप्तान अमित कुमार को विजेता ट्रॉफी सौंपी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए नवीं वाहिनी पीएससी की सेनानायक को शुभाकमनाएं और बधाई दी। समापन समारोह में पीएसी बैंड ने शानदार धुन प्रस्तुत की, जिसे सभी अतिथियों ने सराहा। इस मौके पर नवीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक रजनीश कुमार यादव, 23वीं वाहिनी के सहायक सेनानयक कैलाश चंद पांडेय, नवीं वाहिनी के शिविरपाल कृष्णवीर सिंह, दलनायक सतीश चंद जोशी, अमित कुमार, गणेश सिंह रावत और पीएसी पश्चिमी जोन की 14 वाहिनियों के सभी खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक पूरा होने पर नेशनल कोच रवि शर्मा, रूपेश कौशिक, प्रदेश स्तरीय कोच देशकांत त्यागी, योगेंद्र सिंह, और पीसी सुभाष चंद को महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पुरस्कृत गया।