भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस की गोकशी के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी कमर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया जबकि छह अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में घायल आरोपी कमर समेत छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात भोजपुर क्षेत्र के गुलाबबाडी के जंगल में सात लोग गोकशी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें भोजपुर के गुलाबबाड़ी निवासी कमर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। उससे पूछताछ में पता चला कि मौके से भागने वालों में भोजपुर के गुलाबबाड़ी निवासी भूरा, इकरार, नसीम उर्फ नद्दू, हाजी वसीम और भोजपुर के जामा मस्जिद निवासी हाजी जसीम और एक अन्य आरोपी था। मंगलवार की शाम कमर को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।