हाईवे किनारे मिला दवा कारोबारी के कर्मचारी का मिला शव
- फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद में दवा कारोबारी के कर्मचारी आदेश वर्मा (55) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे उनका शव कटघर क्षेत्र में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर चंदौसी कट के पास मिला। वह मंगलवार रात शाहबाद से दवाओं की सप्लाई कर 40 हजार रुपये लेकर लौट रहे थे। रकम और मोबाइल गायब हैं। जिससे माना जा रहा है कि लूट के लिए उनकी हत्या की गई है।
कटघर थानाक्षेत्र के शिवपुरी में श्री शांति ट्रेडर्स के नाम से प्रेम गुप्ता का दवाइयों का कारोबार है। मझोला के कांशीराम नगर निवासी आदेश वर्मा श्री शांति ट्रेडर्स में बतौर सेल्समैन नौकरी करते थे। वह मुरादाबाद के अलावा आस पड़ोस के जनपदों और कस्बों में मेडिकल स्टोर और अस्पताल में दवाइयां सप्लाई कर वहां से भुगतान लेकर आते थे। आदेश के बेटे नितिन वर्मा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे उनके पिता बिलारी, शाहबाद, सैफनी में दवाइयां सप्लाई कर चालीस हजार रुपये का भुगतान लेने के बाद मुरादाबाद लौट रहे थे।
रात करीब बाठ बजे नितिन की अपने पिता से फोन पर बात हुई थी। तब उन्होंने जल्द घर लौटने के लिए कहा था। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। देर रात आदेश घर नहीं पहुंचे तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह करीब पौने सात बजे कटघर थानाक्षेत्र में हाईवे पर चंदौसी कट के पास उनका शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और नितिन वर्मा को भी मौके पर बुला लिया। उसने शव देखकर मृतक की पहचान अपने पिता आदेश के रूप में की।
एसपी सिटी अखिलेश भदैरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। जांच पड़ताल में पता चला कि आदेश शाहबाद से चालीस हजार रुपये लेकर चले थे। रुपये और मोबाइल गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूट के लिए हत्या की गई है। बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हर पहलू की गहलता से जांच की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।