फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रेन में कारोबारी से मारपीट: रायबरेली के सतीश ने आसिम हुसैन पर बरसाईं थीं बेल्टें, वायरल वीडियो से हुई पहचान

Sun, 15 Jan 2023 02:57 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

सीओ जीआरपी देवी दयाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो की जांच कराई। जांच में सामने आया है कि ट्रेन में कारोबारी के साथ मारपीट करने वालों में शामिल रहा सतीश रायबरेली निवासी है। उसका साथी सूरज प्रतापगढ़ का रहने वाला है। घटना के समय दोनों दिल्ली से लौट रहे थे।
विज्ञापन
पीड़ित आसिम - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पद्मावत एक्सप्रेस में कारोबारी आसिम हुसैन पर रायबरेली के सतीश ने बेल्टें बरसाईं थीं। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से आरोपी की पहचान कर ली है। रेलवे पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। शुक्रवार रात पीरजादा निवासी पीतल कारोबारी आसिम हुसैन ने जीआरपी थाने में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर मारपीट और जबरन धार्मिक नारे लगवाने के आरोप लगाए थे। 

विज्ञापन


सीओ जीआरपी देवी दयाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो की जांच कराई। जांच में सामने आया है कि ट्रेन में कारोबारी के साथ मारपीट करने वालों में शामिल रहा सतीश रायबरेली निवासी है। उसका साथी सूरज प्रतापगढ़ का रहने वाला है। घटना के समय दोनों दिल्ली से लौट रहे थे। बृहस्पतिवार देर रात वीडियो वायरल होने के बाद दोनों को बरेली में जीआरपी ने ट्रेन से उतार लिया था। यहां दोनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की थी। इसके बाद दोनों को उनके अधिवक्ता की सुपुर्दगी में दे दिया गया था। बरेली से दोनों अपने घर चले गए थे। इसके बाद ही कारोबारी ने मुरादाबाद जीआरपी थाने में तहरीर दी थी। जिसपर केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की फिर से तलाश शुरू कर दी गई।

कारोबारी की पीठ और हाथ में मिलीं छह चोटें
जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि कारोबारी आसिम हुसैन का शुक्रवार देर रात जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। शनिवार को पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट मिल गई है। जिससे पता चला है कि कारोबारी की पीठ, हाथ और पेट पर चोटों के छह निशान मिले हैं। मेडिकल रिपोर्ट को विवेचना में शामिल कर लिया गया है।

'मैं रहम की गुहार लगाता रहा, वो पीटते रहे'
कारोबारी आसिम हुसैन बताया कि मैं रहम की गुहार लगाता रहा और वो मुझे चोर बताकर पीटते रहे मुरादाबाद। मैं बृहस्पतिवार रात दिल्ली से मुरादाबाद के लिए पद्मावत एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार हुआ था। ट्रेन दिल्ली से रवाना हुई तो मैं अन्य यात्रियों के साथ बातचीत कर रहा था। ट्रेन हापुड़ पहुंची। इसी दौरान मेरे आगे आकर आठ दस युवक खड़े हो गए। उन्होंने मुझे देखते ही भद्दे कमेंट्स किए। विरोध करने पर गाली गलौज की। मैंने फिर से विरोध किया तो उन्होंने मुझे चोर बताकर पीटना शुरू कर दिया। मेरी दाढ़ी खींची और जबरन मुझसे धार्मिक नारे लगवाए।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उनकी मदद करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी डरा धमकाकर शांत कर दिया। इसके बाद उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए। कड़ाके की सर्दी में मैं रहम की गुहार लगाता रहा लेकिन उन्हें मुझ पर कोई दया नहीं आई। आरोपियों ने हापुड़ से लेकर मुरादाबाद तक मेरे साथ मारपीट की। मैं इस घटना से बहुत भयभीत हो गया था। मुरादाबाद रेलवे आउटर पर आरोपियों ने मुझे धक्का दे दिया था। किसी तरह में घर पहुंचा और परिवार को आपबीती सुनाई।

महिला से छेड़खानी करने पर की थी यात्रियों ने पिटाई: एसपी रेल
एसपी रेलवे अपर्णा गुप्ता का कहना है कि कारोबारी की तहरीर पर केस दर्ज करने के बाद जांच की गई। जांच में दाढ़ी खींचने और नारे लगवाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। जांच में ये भी सामने आया है कि आसिम हुसैन ने एक महिला से छेड़खानी की थी। जिसके बाद यात्रियों ने उसे पकड़कर पीटा था। पिटाई करने का एक वीडियो सामने आया था। इसके बाद जीआरपी बरेली में आरोपियों को पकड़ लिया था। शुक्रवार शाम तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की थी। तब दोनों युवकों का शांतिभंग में चालान किया गया था।

उन दोनों युवकों ने भी अपने बयानों में ये ही बताया था कि एक व्यक्ति ट्रेन में महिला से छेड़खानी कर रहा था। इसके अलावा ट्रेन में तैनात सिपाहियों के भी बयान दर्ज किए हैं। सिपाहियों ने जनरल बोगी में सवार लोगों के बयान दर्ज किए थे। उन्होंने भी अपने बयानों में बताया कि एक व्यक्ति ने महिला के साथ छेड़खानी की थी। इससे गुस्साए लोगों ने पिटाई की थी। एसपी ने बताया कि विवेचना जारी है। विवेचना में आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे। उन्हें भी केस में शामिल किया जाएगा। अब तक केवल पिटाई की बात सामने आई है।
विज्ञापन

विचार करें भागवत, कौन डरा रहा मुसलमानों को: डॉ. एसटी हसन
पद्मावत एक्सप्रेस में मुरादाबाद के पीतल कारोबारी आसिम हुसैन के साथ मारपीट करने के बाद उसे भीषण ठंड में ट्रेन से नीचे फेंक देने की घटना को लेकर सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने मोहन भागवत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चंद दिन पहले ही संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं, लेकिन ट्रेन में आसिम हुसैन के साथ घटित घटना के बाद उन्हें उन लोगों पर भी विचार कर नसीहत देनी चाहिए जो मुसलमानों को डरा रहे हैं।

सांसद ने कहा कि जब हम एक थाली में खाना खाते थे, तब हमने उन जालिमों को देश से खदेड़ा जिनके राज में सूरज नहीं डूबता था। हिंदू-मुस्लिम सभी ने एक साथ मिलकर देश को आजाद कराने की लड़ाई लड़ी। तब न मंदिर अपवित्र हुई न किसी की नमाज से किसी को तकलीफ हुई। देश की आजादी के 75 साल बाद बाद किसी को सिर्फ इसलिए मारना पीटना कि वह दाढ़ी वाला है, उससे जबरन धार्मिक नारा लगवाने की घटना भारत जैसे देश में लोकतंत्र पर कलंक है। वह लोग तो दोषी थे ही जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया, लेकिन ट्रेन के डिब्बों में मौजूद रहने वाली रेलवे पुलिस ने भी इस घटना को नहीं रोका। लिहाजा आरोपियों के साथ ड्यूटी पर रहने वाले रेलवे पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें