शहर के लोगों को जल्द ही ई-बाइक शेयरिंग की सुविधा मिल जाएगी। जिसके बाद शहर के लोग किराये की ई-बाइक से एक से दूसरे स्थान तक जा सकेंगे। वह भी नाम मात्र का शुल्क अदा कर। इसके लिए चौधरी चरण सिंह चौक समेत शहर के 35 स्थानों पर ई-बाइक चार्जिंग स्टैंड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। अफसरों का दावा है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो 10 अक्तूबर से शहर के लोगों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत की इस योजना की लांचिंग विश्व साइकिल दिवस के मौके पर तीन जून 2022 को महापौर, कमिश्नर, डीएम, एसएसपी. नगर आयुक्त ने ई-बाइक चलाकर की थी। उस दौरान सर्किट हाउस गेट पर एक ई-बाइक चार्जिंग स्टेशन का भी निर्माण किया गया था। इसके बाद से यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था। कमिश्नर के निर्देश के बाद स्मार्ट सिटी की टीम अब शहर के लोगों को ई-बाइक शेयरिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास में जुट गई है। इसके लिए शहर के शेष 34 स्थानों पर ई-बाइक चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी के नोडल अफसर टीएन मिश्रा ने बताया कि दस अक्तूबर से शहर के लोगों को ई-बाइक शेयरिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।
पैंडल के साथ 50, चार्जिंग से 25 किमी तक जाएगी
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के मुताबिक ई-बाइक पैंडल के साथ 50 किमी तक तथा बिना पैंडल के 20-25 किमी तक जा सकेगी। आम नागरिकों के लिए 300 ई-बाइक उपलब्ध रहेगी।
मासिक मेंबरों के लिए रहेगी विशेष छूट
ई-बाइक का टिकट चार्ज मेंबर्स के लिए 1500 प्रतिमाह (सरकारी कर्मचारियों,स्टूडेंट्स, मेडिकल प्रोफेशनल्स आदि को 10 प्रतिशत की छूट) एवं अन्य के लिए 15 रुपये प्रति 30 मिनट तथा उसके बाद एक रुपये प्रति एक मिनट किराया रहेगा।
खास-दावे
- इस परियोजना के अंतर्गत 1200 टन कार्बनडाईऑक्साइड प्रत्येक वर्ष वातावरणमें कम उत्सर्जित होगा।
- यह ई-बाइक जीपीएस सुविधा से लैस होगी।
- डिजिटल तकनीक से लैस इस ई-बाइक के चोरी होने का भी डर नहीं रहेगा। शहर की सीमा से बाहर ले जाते ही यह स्वत: लॉक हो जाएगी।
- यह ई-बाइक ऐप के माध्यम से कार्य करेगी।
- इसे प्राप्त करने वाले को अपना आधार नंबर इससे लिंक कराना होगा।