एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : फाइल फोटो
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कारोबारी के साथ पद्मावत एक्सप्रेस में हुई मारपीट की घटना की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर जीआरपी से कार्रवाई करने की अपील की है। इसके जवाब में जीआरपी ने अब तक मामले में हुई कार्रवाई और सीओ का बयान ट्वीटर पर डाला है। इंग्लैंड में रहने वाले लोग भी मामले में ट्वीटर के जरिये अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मुरादाबाद या आसापास के क्षेत्र के जो लोग विदेशों में रह रहे हैं, वे सोशल मीडिया व खबरों के जरिये अपने शहर से जुड़े हैं। इसके अलावा राज्यस्थान, मध्य प्रदेश व अलग अलग राज्यों के लोग भी मामला वायरल होने के बाद कमेंट्स कर रहे हैं। घटना की निंदा कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की अपील कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि मामले में सपा सांसद डॉ. एसटी हसन, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी भी टिपप्णी कर चुके हैं। इमरान ने फोन पर आसिम से बात कर उनका हला भी जाना। साथ ही मारपीट करने वालों की पहचान पूछी। आसिम ने बताया कि पिटाई के कारण वह बदहवास थे। उन्हें किन- किन लोगों ने मारा वह ठीक से नहीं पहचान सकते।
युवती की तलाश जारी
जीआरपी की टीमें उस युवती की तलाश में लगी हैं, जिससे छेड़छाड़ का आरोप कारोबारी आसिम पर लगाया जा रहा है। युवती का पता शाहजहांपुर बताया जा रहा है। पुलिस टीम के युवती तक पहुंचने के बाद यदि उसके परिवार की ओर से कोई तहरीर मिलती है तो कारोबारी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। कुछ यात्रियों ने बयान दिए हैं कि युवती के साथ उसका भाई भी मौजूद था। एसपी जीआरपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि मामले की हकीकत जानने के लिए युवती तक पहुंचना जरूरी है।