छेड़छाड़ की पीड़िता के पास रुपये मांगने के लिए आया फोन
- फोटो : सोशल मीडिया
एडीजी बरेली जोन कार्यालय से स्टेनो बाबू बोल रहा हूं..., आपका प्रार्थना पत्र यहां आया है। इस मामले में अगर आप कोई कार्रवाई कराना चाहते हैं तो पहले तीन हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कीजिए। ये ऑडियो मूंढापांडे थानाक्षेत्र में रहने वाले एक किसान और खुद को एडीजी बरेली जोन कार्यालय में स्टेनो बाबू के पद पर तैनात बताने वाले शख्स के बीच हुई बातचीत का बताया जा रहा है।
किसान की पत्नी ने बुधवार को मूंढापांडे थाना प्रभारी को तहरीर दी। तहरीर के साथ ऑडियो उपलब्ध कराया है। महिला ने बताया कि उसके घर के पास रहने वाले एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी की थी। महिला ने 26 सितंबर को मूंढापांडे थाने और 27 सितंबर को एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। उसी दिन सीएम पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की गई थी।
महिला का आरोप है कि 18 अक्तूबर 2022 को उसके पति के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई कि ''एडीजी बरेली जोन कार्यालय से स्टेनो बोल रहा हूं। आपका एक प्रार्थना पत्र यहां जांच के लिए आया है। अगर आप इस प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई कराना चाहते हैं तो मैं एक बार कोड भेज रहा हूं। उस पर तीन हजार रुपये ट्रांसफर कर दीजिए या फिर किसी व्यक्ति द्वारा रकम यहां भिजवा दीजिए। फिर में आपको लाइन पर लेकर थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी से बात कर रिपोर्ट दर्ज करा दूंगा।''
शिकायत पत्र के अनुसार, किसान के पूछने पर आरोपी ने बताया कि तीन हजार रुपये शपथ पत्र बनवाने में खर्च होंगे। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।