मंडल में कारोबार बढ़ने के कारण व्यवसायी जीएसटी के लिए पंजीयन करा रहे हैं। एक अप्रैल से दिसंबर 23 तक मुरादाबाद मंडल के 7359 व्यवसायियों ने राज्य कर विभाग में पंजीयन कराया है। वहीं सेंट्रल जीएसटी में 7190 उद्यमियों ने पंजीयन कराया है। पिछले साल 2022 में सेंट्रल जीएसटी में 6654 और राज्य कर विभाग के जीएसटी में 12602 कारोबारियों ने पंजीयन कराया था। मंडल की समीक्षा से पता चला है कि राज्य कर की जीएसटी में 23.72 प्रतिशत और सेंट्रल जीएसटी में 8.06 प्रतिशत व्यवसायियों का पंजीयन बढ़ा है। इधर व्यापारियों ने दिसंबर माह में काफी जीएसटी जमा किया है। इसी कारण संग्रह भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सबसे अधिक ऑटो मोबाइल क्षेत्र से ही जीएसटी संग्रह मिल रहा है।
सभी क्षेत्रों में बढ़े कारोबारी
राज्य कर के अपर आयुक्त आरए सेठ ने बताया कि मुरादाबाद मंडल में सर्विस सेक्टर से लेकर सभी क्षेत्रों में कारोबारी बढ़े हैं। लोगों को जीएसटी के प्रति जागरूक किया गया है। संभावना है कि इसी कारण राजस्व भी बढ़ेगा। इससे व्यवसायियों को भी फायदा मिलेगा।
अयोध्या में अचानक बढ़े कारोबारी
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अचानक वहां कारोबारियों की संख्या बढ़ गई है। इसी कारण पहले पिछड़नेवाली अयोध्या प्रदेश में नंबर एक पर पहुंच गई है। वहां पंजीयन में 29.48 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में सबसे कम पांंच प्रतिशत पंजीयन वाराणसी प्रथम में हुआ है।