फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद हादसा: 'मेरे बेटे बिलाल को दिखा दो बहू', मासूम बोला- मेरी मां से मिला दो भाई, और झरझर बहने लगे आंसू

Mon, 08 May 2023 12:48 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

सड़क हादसे में घायल इस्तेकार का कॉसमॉस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। आईसीयू में भर्ती इस्तेकार के सिर से लेकर पांव तक पट्टियां बंधी है। घायल ससुर से मिलने के लिए उनकी बहू देहरादून से आईं। बहू को देखते ही इस्तेकार की आंखों से झरझर आंसू बहने लगे। इस्तेकार एक ही रट लगाए थे कि उनका बेटा बिलाल कहां हैं। 
विज्ञापन
मुरादाबाद में सड़क हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुरादाबाद के भगतपुर थाना इलाके में अलीगंज-दलपतपुर मार्ग पर रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कैंटर ने सामने से आ रही टाटा मैजिक में टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक समेत मैजिक में सवार भोजपुर इलाके के 10 लोगों की मौत हो गई। 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मैजिक सवार सभी लोग रिश्तेदार की शादी में शामिल होने रामपुर जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगी बहनें और मां-बेटे शामिल हैं। 
विज्ञापन


सड़क हादसे में घायल इस्तेकार का कॉसमॉस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। आईसीयू में भर्ती इस्तेकार के सिर से लेकर पांव तक पट्टियां बंधी है। घायल ससुर से मिलने के लिए उनकी बहू देहरादून से आईं। बहू को देखते ही इस्तेकार की आंखों से झरझर आंसू बहने लगे। वह अपने ससुर को ढांढस बंधा रही थी, लेकिन इस्तेकार एक ही रट लगाए थे कि उनका बेटा बिलाल कहां हैं। 

बहू का हाथ पकड़कर इस्तेकार एक बार बेटे बिलाल को दिखाने की गुहार लगाने लगे। बहू कह रही थी कि बिलाल दूसरे कमरे में हैं। हिम्मत से काम लो, सब कुछ ठीक हो जाएगा। इस्तेकार को पता नहीं था कि उनका बेटा और पत्नी आसिफा अब इस दुनिया में नहीं है। दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। बेटे के गम में पिता बदहवास हो गए थे। उनको पता नहीं था कि वह पिकअप में बैठकर किसी समारोह में जा रहे थे।
विज्ञापन


मेरी मां कहां है, मिला दो भाई
हादसे में हनीफा की मौत हो चुकी है। उनका बेटा फरहान (13) जिला अस्पताल में भर्ती है। बेटे को नहीं पता है कि उसकी मां अब दुनिया में नहीं हैं। वह बार-बार अपनी मां को बुलाने के लिए रिश्ते के भाई जहांगीर आलम से जिद कर रहा था। कह रहा था कि भाई मेरी अम्मी कहां है। उससे मिला दो। उसको मेरी जरा सी फ्रिक भी नहीं है। बच्चों की देखभाल कर रहे जहांगीर ने बताया कि वह हनीफा का भांजा है। अभी घायल बेटे और बेटी को नहीं बताया गया है कि उनकी मां की मौत हो चुकी है। पूछने पर फरहान का कहना था कि पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। 

परीक्षा चल रही है। हिंदी और अंग्रेजी का पेपर हो गया है। अब उर्दू की परीक्षा की तैयारी करनी है। मां को बुला दो। बेटे की जिद सुनकर रिश्तेदार भी असमंजस में पड़ रहे थे कि कैसे बताएं कि उनको गोद में खिलाने वाली अब दुनिया में नहीं है। फरहान का कहना था कि वह गाड़ी में पीछे बैठा था। अम्मी और मेरी बहन अलशदा आगे बैठी थीं।
 

आपको बता दें कि भोजपुर क्षेत्र के गांव कोरवाकू निवासी डॉ. इसरार की बुआ मैसर जहां रामपुर के खेमपुर गांव में रहतीं हैं। रविवार को मैसर जहां की बेटी सायदा की शादी थी। डॉ. इसरार के परिवार और मोहल्ले की महिलाएं, पुरुष और बच्चे टाटा मैजिक में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने खेमपुर जा रहे थे। मैजिक में चालक समेत 23 लोग सवार थे।
 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे टाटा मैजिक अलीगंज-दलपतपुर मार्ग पर खैरखाता गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने (दलपतपुर की ओर) से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर के चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक किया और टाटा मैजिक से जा भिड़ा। भीषण टक्कर के कारण दोनों वाहनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए और दोनों पलट कर सड़क किनारे खाई में पहुंच गए।

 

आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस स्टाफ ने मैजिक सवार लोगों को अचेत अवस्था में भोजपुर सीएचसी और मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में तीन को मृत घोषित किया गया। शाम सात बजे तक मृतकों की संख्या 10 पर पहुंच गई। 13 घायल गंभीर अवस्था में उपचाराधीन हैं।

 

मृतक
आसिफा (40) पत्नी इस्तेकार, हनीफा (42) पत्नी इकरार, दानिया (14) पुत्री सुलेमान, बिलाल (3) पुत्र इस्तेकार, जुबैर (45) पुत्र मुन्नन, मुनीजा (18) पुत्री छोटे, हुकुमत (60) पुत्र शब्बीर, मुशरा (25) पुत्री अब्बास, बुशरा (7) पुत्री सुलेमान सभी निवासी निवासी कारेवाकू थाना भोजपुर। चालक मोहम्मद आलम पुत्र अहमद हसन (36) निवासी बरवाला मझरा थाना कटघर। आसिफा और बिलाल मां-बेटे थे। दानिया और बुशरा सगी बहनें थीं।

 
विज्ञापन

पलट गए दोनों वाहन, कुचल गए लोग
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि आमने-सामने टकराए दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। कैंटर चालक ने तेज रफ्तार से ओवरटेकिंग के दौरान संतुलन खो दिया और मैजिक में जा भिड़ा। तेज टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए। इस दौरान मैजिक सवार बच्चे और कई लोग वाहन से दबकर बुरी तरह कुचल गए।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें