मुरादाबाद के कटघर थानाक्षेत्र में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर रामगंगा पुल के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप वाहन टकरा गया। इसके बाद डीसीएम टकरा गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और वाहनों को हटवाने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी समेत बीस लोग घायल हो गए।
कटघर थाना प्रभारी राजेश सोलंकी ने बताया कि हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। मुरादाबाद से रामपुर की ओर जा रहे पिकअप वाहन को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप वाहन पलट गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम भी पिकअप वाहन में टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कटघर थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। वो वाहनों को हटवाने लगे। इसी दौरान मुरादाबाद से रामपुर जा रही पीतल नगरी डिपो की रोडवेज बस ने दोनों वाहनों में टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी समेत बीस लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर कटघर, कुंदरकी, पाकबड़ा और मूंढापांडे थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इसके बाद घायलों को वाहनों से निकाल कर निजी व जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल निर्मल सिंह, दीवान सिंह, होराम सिंह, वीर पाल, अरविंद, शिव कुमार, अवनीश, मुकेश, जितेंद्र , शेर बहाादुर, रजनी कांत, धर्मेंद्र , सुनीता, ज्योति पत्नी धर्मेंद्र, ज्योति पुत्री शेर बहादुर, आरती, काव्या, शिवांश रूचि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से हालत गंभीर होने पर सिपाही होराम सिंह, दीवान सिंह और निर्मल सिंह को रेफर कर दिया गया। तीनों को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।