मझोला थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति का फरवरी 2016 में निधन हो गया। पति की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे में दिसंबर 2016 में महिला को डिग्री कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में नियुक्ति मिली थी। पीड़िता के अनुसार कॉलेज में ही बुद्धि विहार निवासी संजय कुमार कार्यालय अधीक्षक के पद पर तैनात है। आरोप लगाया कि संजय कुमार करीब दो साल से उसके साथ अभद्रता और अश्लील बातें करता था। किसी न किस बहाने अपने पास बुलाता था।
आरोप है कि जब ऑफिस में कोई नहीं होता है तो आरोपी उसे किसी बहाने से अपने पास बुलाकर छेड़छाड़ करता है। धमकी देता है कि यदि कहीं शिकायत की तो नौकरी से निलंबित करा देगा। वह धमकी देकर महिला कर्मी को शहर से बाहर चलने के लिए दबाव भी बनाता है।थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी कर्मचारी संजय कुमार के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।