मुरादाबाद। आईपीएल में दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से धूल चटाने वाले मोहसिन खान मंगलवार को कुछ अलग ही रंग में नजर आए। मोहसिन ने 40 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें उन्होंने 13 चौके और चार आसमानी छक्के लगाए। मोहसिन की पारी की बदौलत डीएसए मुरादाबाद रेड की टीम ने बीसीए बरेली की टीम को सात विकेट से हरा दिया।
मौका था अवस्थी मेमोरियल प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का। यह मैच मंगलवार को रेलवे स्टेडियम में खेला गया। मोहसिन की कप्तानी वाली डीएसए मुरादाबाद रेड ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। बीसीए बरेली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 145 रन बनाए। टीम के लिए निशु पटेल ने 30, इंजमाम ने 28 व हर्ष राणा ने 18 रन बनाए। डीएसए मुरादाबाद के लिए गेंदबाजी में में मोहम्मद अरबाज ने तीन, कार्तिक सिद्धू ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए मुरादाबाद टीम ने 14.3 ओवर में सात विकेट से मैच जीत लिया।
मोहसिन की 40 गेंदों में 94 रन की पारी के अलावा आर्यन चौधरी ने 37 गेंदों में तीन छक्कों व चार चौकों की मदद से 46 रन बनाए। बीसीए बरेली के लिए मोहम्मद नाजिम, मोहित अरोड़ा व अभिषेक ने एक-एक विकेट लिए। इस तरह यह मुकाबला डीएसए मुरादाबाद ने सात विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच मोहसिन खान को चुना गया।
दूसरा मैच एमडीसीए मेरठ व उत्तर रेलवे मुरादाबाद के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मेरठ ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। रेलवे ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 184 रन बनाए। टीम के लिए महेश मीना ने 49 गेंदों में पांच छक्के व दो चौके जड़कर 70 रन की शानदार पारी खेली। प्रीत सिरोही ने 27 गेंदों में नौ चौके व एक छक्का लगाकर 50 रन बनाए।
मेरठ के लिए गेंदबाजी में अजय चौधरी ने दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी एमडीसीए मेरठ की टीम ने 19.4 ओवर में सात विकेट से जीत हासिल की। हर्ष त्यागी ने 69 व सत्यम ने 34 रन का योगदान किया। रेलवे के लिए चेतन तनेजा ने शानदार गेंदबाजी की और पांच विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच हर्ष त्यागी को चुना गया।
अंपायर की भूमिका में यूपीसीए पैनल के सतेंद्र कुमार व निश्चल सिंह चहल रहे। स्कोरर अफजल खान व यशिका शर्मा रहे। मैच के दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी व यूपीसीए के निदेशक विजय गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, आदित्य रस्तोगी, प्रदीप टंडन, नवेद सिद्दीकी, सतीश सिंह, मोहम्मद हसीन, नजाकत अली, जमाल अहमद आदि रहे।