मुरादाबाद। कांग्रेस ने पीतलनगरी को बड़ा महत्व देते हुए मोहम्मद अहमद खान को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। पार्टी के लोगों का कहना है कि मोहम्मद खान ने इमरान प्रतापगढ़ी को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में काफी मदद की थी। इसी कारण मोहम्मद खान को कांग्रेस ने इतना महत्व दिया है।
मुगलपुरा निवासी मोहम्मद अहमद खान ने विल्सोनिया डिग्री कॉलेज से बीकाॅम करने के बाद आईएफटीएम से एमबीए की पढ़ाई की थी। एनएसयूआई से छात्र राजनीति में कदम रखने वाले युवा अहमद खान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पहले एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष बनाए गए। इसके बाद सेवा दल में मंडल और प्रदेश स्तर तक काम किया। कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल में अहमद खान मुंबई और महाराष्ट्र में राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर और प्रभारी रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और सांसद अजहरुद्दीन और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी मोहम्मद अहमद खान के काफी नजदीकी माते जाते हैं।
बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की अध्यक्षता में 11 उपाध्यक्ष, 34 कोऑर्डिनेटर और 23 सह कोआर्डिनेटर के नामों की घोषणा राष्ट्रीय महासचिव के सी बेनुगोपाल ने की। इस बीच शहर के युवा नेता मोहम्मद अहमद खान को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इससे पूर्व अहमद राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर के साथ ही साथ महाराष्ट्र के प्रभारी भी थे। मोहम्मद अहमद खान के पिता स्व. फारूख अहमद एडवोकेट की गिनती मुरादाबाद के दिग्गज कांग्रेसियों में की जाती थी। पार्टी के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुधीर पाठक, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा,असद मोलाई, हाजी इकराम कुरैशी, पंडित अजय सारस्वत सोनी, डॉ. सादिक, विनोद गुंबर, आजम अंसारी आदि ने मो. अहमद खान की नियुक्ति पर पार्टी हाईकमान का आभार जताया है।