अगवानपुर। अगवानपुर-पाकबड़ा बाईपास मार्ग पर बाइक सवार शोहदों ने कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़खानी की। पीछे से आ रहे छात्रा के भाई-भाभी ने शोहदों को दबोचना चाहा लेकिन आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।
छजलैट थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा शेरुवा चौराहा स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ती है। बृहस्पतिवार को छात्रा साइकिल से कोचिंग आ रही थी। शेरुवा चौराहे से पहले अगवनापुर-पाकबड़ा मार्ग पर बाइक सवार शोहदों ने बाइक छात्रा की साइकिल के साथ लगा दी और उस पर फब्तियां कसने लगे। छात्रा नजरअंदाज कर तेजी से साइकिल चलाते हुए आगे निकल गई। शोहदे फिर भी नहीं माने और आगे जाकर छात्रा को रोक लिया। परेशान छात्रा ने शोर मचाते हुए विरोध किया। इस दौरान पीछे से आ रहे छात्रा के भैया-भाभी ने उसकी आवाज सुनी तो मदद को दौड़ पड़े। दंपती ने दोनों शोहदों को पकड़ लिया और थप्पड़ जड़े। दोनों शोहदे किसी तरह अपने आप को छुड़ा कर भाग खड़े हुए। हालांकि उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। छात्रा के भाई ने बाईक के कागज निकाल लिए और बाईक वहीं छोड़कर पुलिस के पास पहुुंचा। पीड़ित परिजनों ने चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया। जिसने बाद पुलिस ने एक शोहदे को गांव शेरुवा से हिरासत में ले लिया जबकि उसके फरार दोस्त को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।