मुरादाबाद के मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली ग्यारहवीं की छात्रा ने तीन युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कॉलेज से लौटते समय उसे रास्ते में घेर लिया और छेड़खानी की। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
16 वर्षीय पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह मझोला क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। शुक्रवार दोपहर वह कॉलेज से घर लौट रही थी। रास्ते में जयंतीपुर निवासी हसनैन, कासिम और फराज मिल गए। आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा का रास्ता घेर लिया और छेड़खानी की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने और और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर लोग जुट गए। इसी बीच आरोपी मौके से भाग गए। घर पहुंचकर पीड़िता ने परिवार को आपबीती सुनाई। तब परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज करा दिया।
मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि शनिवार को आरोपी हसनैन, कासिम और फराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।