मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में निजी अस्पताल में भर्ती एक युवती के साथ कंपाउंडर ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि 21 सितंबर 2022 रात करीब तीन बजे बेटी को कोहिनूर तिराहे के पास स्थित डा. फारूख के अस्पताल में भर्ती कराया था। बेटी आईसीयू में भर्ती थी। अस्पताल में कार्यरत कंपाउंडर साहिल बेटी के पास आया और मोबाइल नंबर मांगने लगा। बेटी ने उससे बताया कि उसके भाई के पास मोबाइल है। इसके बाद आरोपी चला गया और बोला कि अब वह कल आएगा। 22 सितंबर की रात आरोपी फिर से बेटी के पास पहुंच गया। आरोपी साहिल ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इसी बीच पीड़ित जाग गई। तब आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। कटघर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि आरोपी के आईपीसी की धारा 354 और 506 में केस दर्ज कर लिया गया है।