कटघर थाने में महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मकान पर कब्जा करने के लिए बहू और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में बहू और उसके परिवार के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है।
गोविंदनगर निवासी सीमा गुप्ता (50) पत्नी श्रीचंद्र गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अक्सर बीमार रहती हैं। आरोप लगाया कि उसकी बहू आरती पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। इसलिए आए दिन झगड़ा करती है। रविवार को उसने बहू से कहा कि मैं बीमार हूं। मकर संक्रांति की पूजा कर दे। इसी बात को लेकर वह गाली गलौज करने लगी। बहू के तानों से परेशान होकर वह पड़ोस में चली गई। थोड़ी देर बाद वापस आई तो वह दोबारा झगड़ा करने लगी। इस बीच बहू ने अपने माता-पिता भाई और मामा को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। हमले से उसके सिर में चोट लग गई। आरोप लगाया कि घटना के बाद बहू घर से गहने और पांच हजार की नकदी लेकर मायके चली गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी बहू आरती, उसके दो भाई राजेश व विशाल, पिता प्रताप, मां और दो मामा के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। घायल महिला को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी कटघर तेजवीर सिंह ने बताया कि मेडिकल और जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
देवर और उसके साले पर मारपीट का केस दर्ज
मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने देवर रिहान और उसके साले अनीस के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज कराया है। पुलिस को दिए गए तहरीर में गलशहीद के सराय पुख्ता मरकज वाली मस्जिद निवासी शबनम पत्नी शुभान ने आरोप लगाया कि 10 जनवरी की रात करीब साढ़े दस बजे उसका देवरानी इल्मा से विवाद हो गया था। आरोप लगाया कि विवाद के दौरान ही इल्मा के पति रिहान और भाई अनीस आ गए। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके पति शुभान के साथ मारपीट ओर गाली गलौज की। जिससे वह घायल हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष गलशहीद सौरभ त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।