मुरादाबाद। नए दौर की नई चुनौतियों के बावजूद उद्यम और कारोबार में आगे बढ़ने की तमाम संभावनाएं हैं। इसके लिए व्यापारियों को ब्रांडिंग, तकनीक और विज्ञापन के फार्मूले पर चलना चाहिए। इसके जरिये न सिर्फ व्यापार में आने वाली चुनौतियों का सामना किया जा सकता है, बल्कि ग्राहकों के दिल पर अपनी पैठ बनाई जा सकती है। ग्राहकों में विश्वास बढ़ाकर व्यापारी खुद को ब्रांड के रूप में स्थापित करें। ऐसा होने पर ही कारोबार चमकेगा, अर्थव्यवस्था बेहतर होगी और व्यापारियों का भी भला होगा।
मानसरोवर कॉलोनी स्थित होटल पैराडाइज में आयोजित दो दिवसीय अमर उजाला ब्रांड स्ट्रेटजिस्ट मीट के अंतिम दिन वक्ताओं ने ये बातें कहीं। कार्यक्रम में तीन सत्र आयोजित किए गए। प्लेनेट फैशन से राकेश कपूर और निखिल कपूर, संपदा सुजुकी से संजय बंसल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता (डायरेक्टर हेल्प योर प्रोजेक्ट) ताजदार अमान ने कहा कि अब रिटेलर्स को फिजिकल और डिजिटल दोनों को अपनाना होगा। नई तकनीक के साथ गुणवत्ता सहित बेहतर ब्रांडिंग जरूरी है। ग्राहक का मन परखने की क्षमता, उत्पाद और गुणवत्ता के अलावा व्यापारी के पास सुविधाएं भी होनी चाहिए। उत्पादों की बेहतर गुणवत्ता के साथ व्यापारी खुद को भी ब्रांड बनाएं। ऐसे कई उदाहरण हैं। जिनमें बरसों बाद भी कुछ उद्यमी और कारोबारी खुद ब्रांड के रूप में अब तक स्थापित हैं। हार्वर्ड बिजनेस स्कूल एंड रिसर्च के शोध का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि प्रिंट मीडिया सर्वाधिक विश्वसनीय है। अखबारों में प्रकाशित लेख और विज्ञापन पर उपभोक्ता अधिक विश्वास करते हैं। दुनिया के 82 प्रतिशत व्यापारी अपना विज्ञापन प्रिंट मीडिया के जरिये कराते हैं। यह प्रचार का सबसे बेहतर साधन है। इसके सहयोग से उत्पाद की पहचान बढ़ाना आसान हो जाता है।
मुख्य वक्ता ने कहा कि प्रतिस्पर्धा का दौर खुदरा व्यापारी के लिए असीमित संभावनाएं भी लेकर आया है। वहीं ग्राहक जागरूक हो रहे हैं। कोविड में ग्राहकों ने ऑनलाइन सेवाओं का भी पूरा लाभ उठाया है।
इनकी रही मौजूदगी
अमित गोयल, डॉ. एसपी गंगवार, पराग अग्रवाल, डॉ. मंजेश राठी, डॉ. गिरजेश कैन, प्रतीक आहूजा, अनुज अग्रवाल, सीपी सिंह, प्रेम कपूर, एडवोकेट शिशिर गुप्ता, अजीत, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. डीके गुप्ता आदि मौजूद रहे।
यह बोले व्यापारी
विज्ञापन के जरिये ग्राहक तक बार-बार पहुंचाएं अपनी बात
विज्ञापन ग्राहक और व्यापारी के बीच संवाद का माध्यम है। इसके जरिये बार बार अपनी बात ग्राहक तक पहुंचाकर उन्हें अपने उत्पाद की गुणवत्ता के विषय में बताया जा सकता है। ग्राहक को विज्ञापन के जरिये जागरूक करना और नियमित संपर्क में रहना बेहद जरूरी है। ग्राहक की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें उत्पाद देना चाहिए। मांग और क्षमता के आधार पर उत्पाद की उपलब्धता से भी ग्राहक लंबे समय तक जुड़े रहते हैं।
- राकेश कपूर, प्लेनेट फैशन
अब भी परखकर होता है डॉक्टर पर विश्वास
भले ही नई तकनीक के साथ ग्राहकों या मरीजों के साथ संपर्क बढ़ रहा है लेकिन डॉक्टर और मेडिकल सुविधाओं के मामले में अब भी लोग परखकर ही यकीन करते हैं। हां विज्ञापन के जरिये आपकी विश्वसनीयता के विषय में ग्राहक जरूर अंदाजा लगा सकता है। इसलिए नियमित विज्ञापन जरूरी है। अन्य सुविधाओं के मुकाबले लोग मेडिकल के मामले में ज्यादा जागरूक रहना पसंद करते हैं। उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए।
- डॉ. एसपी गंगवार
प्रिंट मीडिया सर्वाधिक विश्वसनीय
जब भी कोई ग्राहक वाहन खरीदना चाहता है तो अखबार में विज्ञापन देखकर वह वाहन से जुड़ी सारी जानकारियां प्राप्त कर लेता है। इससे व्यापारिक संस्थान की विश्वसनीयता में भी बढ़ोतरी होती है। व्यापार को बढ़ाने में प्रिंट मीडिया खासकर अखबार की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारियों के लिए ऐसा आयोजन सराहनीय है।
- अमित गोयल, आकांक्षा ऑटोमोबाइल
ग्राहक की पसंद के साथ बदलना जरूरी
नए दौर में ग्राहक की पसंद भी बदलती जा रही है। ऐसे में ब्रांड को चाहिए कि वह ग्राहक के मन के मुताबिक खुद को ढाले। उसे एक से अधिक विकल्प उपलब्ध करा, जिससे ग्राहक का संपर्क आपसे हमेशा बना रहे। विभिन्न विकल्पों में गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए। इन सब चीजों के बाद विज्ञापन के जरिये खुद को ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहिए।
- पराग अग्रवाल, परंपरा बिल्डर्स
नए प्रयोगों पर भी हो ध्यान
बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा के समय हम दोगुनी मेहनत करते हैं। विज्ञापन और तकनीक व्यापार को स्थापित करने में बेहद कारगर साबित होते हैं। इसके जरिये ग्राहक को सीधे उत्पाद से जोड़ना आसान हो जाता है। इस सब के बीच नए प्रयोगों पर भी ध्यान देना चाहिए। अपने उत्पादों को लोगों के घरों तक पहुंचाएं, उन्हें ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं दें।
- एडवोकेट शिशिर गुप्ता, डायरेक्टर सीएमएस
ब्रांडिंग से बनता है व्यापारी का नाम
उत्पादों की जबरदस्त गुणवत्ता के साथ व्यापक प्रचार प्रसार बेहद आवश्यक है। प्रिंट मीडिया इसका सबसे बेहतर साधन है। इससे न सिर्फ व्यापारी की विश्वसनीयता बढ़ती है, बल्कि नए ग्राहकों से संपर्क भी लगातार बनता है। व्यापारी वर्ग के लिए ऐसे आयोजन सराहनीय हैं। ब्रांडिंग और व्यापार के हाइब्रिड और हाइपर लोकल मॉडल बेहद शानदार हैं।
- एचबी शर्मा, एचबीएस फाइनेंशियल
मानसरोवर पैराडाइज में अमर उजला के कार्यक्रम का शुभारंम करते मुख्यतिथि । संवाद- फोटो : CITY