मुरादाबाद। राज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने चंदौसी के बिसौली गेट स्थित केमिकल्स और मेंथा फर्म के गोदाम व कार्यालय पर छापा मारकर मंगलवार देर रात तक छानबीन की। 10 घंटे चली कार्रवाई के बाद कारोबारी को 35 लाख रुपये जुर्माना अदा करना पड़ा।
राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड-1 आर एस द्विवेदी के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त (एसआईबी) मोहित गुप्ता के नेतृत्व में छापा मारने के लिए टीम गठित की गई। टीम ने मंगलवार की दोपहर 12.30 बजे एसआईबी के असिस्टेंट कमिश्नर विकास चौधरी के साथ बिसौली गेट स्थित एक केमिकल्स फर्म और मेंथा फर्म के गोदाम व ऑफिस पर छापा मारा। टीम ने गोदाम और ऑफिस में छानबीन करना शुरू किया।
देर रात तक कर्मचारियों को बाहर नहीं जाने दिया गया। टीम ने मेंथा की खरीद में 70 लाख से अधिक की कर चोरी पकड़ी। रिकॉर्ड से कम माल मिलने का मामला सामने आया। 10 घंटे तक चली छानबीन में गड़बड़ी मिलने पर कारोबारी ने तत्काल 35 लाख रुपये जुर्माने के रूप में जमा कर दिए। आधी रात में टीम चली गई। संयुक्त आयुक्त ने कहा कि जांच अभी जारी है।