मुरादाबाद। जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों में खराब बिजली व्यवस्था की शिकायत प्राथमिकता पर दर्ज कराई। हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के सचिव अवधेश अग्रवाल ने कहा कि बिजली के तार जर्जर अवस्था में हैं। इनके कारण शहर में बार बार ट्रिपिंग होती है। विद्युत निगम इन तारों को सही करने के लिए कार्य नहीं कर रहा है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने विद्युत निगम के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया। लाकड़ी फाजलपुर में कुमार इंटरनेशनल के पास सड़क की दुर्दशा पर नगर निगम के संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। एसईजेड एप्रोच रोड के खराब होने, प्रेमनगर एक्सपोर्ट जोन द्वारा प्रस्तुत इंडस्ट्रियल फीडर की जरूरत के संबंध में डीएम ने निराकरण कराने के निर्देश दिए। यूपी सीडा व अन्य विभागों के लंबित ग्रीवेंस को समय से निस्तारित करने, हैंडीक्राफ्ट से संबंधित अधिकारी को सभी श्रम कार्ड समय-समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीजी एफटी चमनलाल, सहायक निदेशक हैंडीक्राफ्ट पुलकित जैन, डिप्टी कमिश्नर राज्यकर सुभेश तिवारी सहित, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, एनएचएआई आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन योगेश कुमार, संयुक्त आयुक्त उद्योग द्वारा किया गया।