एमडीए की टीमों ने सुरक्षा के लिए खतरा बने शहर के 196 दुकानों और रेस्टोरेंट का ब्योरा जुटाया है। कई में कमियां मिली हैं। समीक्षा के बाद ऐसे गैर रिहायशी भवन स्वामियों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में हुई अग्निकांड की घटना के मद्देनजर एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने बिल्डिंगों की सुरक्षा जांच करने के लिए 23 टीमें गठित की थी। टीमों ने शहर में भ्रमण कर सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक दुकान और रेस्टोरेंट सहित अन्य गैर रिहायशी भवनों का ब्योरा इकट्ठा किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में कमियां पाई गई हैं। एमडीए के सचिव राजीव पांडेय ने बताया कि इस मामले में अभी रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। कमियों के आधार पर संबंधित विभाग भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो अन्य विभागों को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाएंगे।
इधर फायर ब्रिगेड ने अभियान के तहत शहर के होटलों, दुकान और माल की चेकिंग के दौरान अनियमितताएं पकड़ी थीं। दावा किया कि शहर के 99 फीसदी होटल और 18 माल में भी अग्निशमन सुरक्षा उपकरण मौजूद नही हैं। शहर के 36 बैंक्वेट हाल के पास भी एनओसी उपलब्ध नहीं थी। बताया था कि आग लगने की स्थिति में ऐसे संस्थान खुद का बचाव नहीं कर सकते हैं। अग्निशमन विभाग ने जांच की रिपोर्ट जिलाधिकारी के पास भेज दी है।
प्लाट की नीलामी पांच करोड़ में
मुरादाबाद। एमडीए ने मुरादाबाद सेक्टर -2 के एक प्लाट की नीलामी पांच करोड़ रुपये में की है। संपत्ति विभाग के प्रभारी राजीव रतन ने बताया कि अभी शहर के ऐसे करीब 140 प्लाट की नीलामी बाकी है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।