मुरादाबाद। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत मुरादाबाद विकास प्राधिकरण न सिर्फ अपनी सभी कॉलोनियों के घरों पर तिरंगा फहरवाएगा बल्कि ड्राइंग, पेंटिंग, रंगोली के जरिये लोगों में देशभक्ति का रंग भरने का भी काम करेगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
एमडीए के वीसी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत एमडीए की सभी कॉलोनियों के घरों पर तिरंगा फहरेगा। इसकी सभी व्यवस्था पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को एमडीए कार्यालय में शहर के बच्चों की देशभक्ति और आजादी से संबंधित ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। 16 को रंगोली प्रतियोगिता होगी। जिसमें शहर की महिलाएं भाग लेंगी। रंगोली बनाने के लिए रंग पाउडर उन्हें एमडीए से उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 से 17 अगस्त तक मनाए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के क्रम की शुरुआत 11 अगस्त को एमडीए अपने सभी प्रधानमंत्री आवासों पर तिरंगा फहराकर करेगा। एमडीए की सभी कॉलोनियों में करीब 10 हजार झंडों का वितरण किया जा चुका है।