पीपलसाना गांव में मंगलवार दोपहर को राहिन (25) का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुराली जनों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, सूचना पर सीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोजपुर क्षेत्र के गोधी निवासी गुलाब शाह की बेटी राहिन की शादी तीन साल पहले पीपलसाना निवासी गुलाम नबी के साथ हुई थी। मंगलवार दोपहर के समय राहिन का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतारकर चारपाई पर रखा। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाएं। वहीं सूचना पर पहुंचे राहिन के परिजनों ने उसके ससुरालीजों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। राहिन के एक वर्षीय बेटी आलिया हैं। उधर, राहिन के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है।