मुरादाबाद। बुधबाजार सैनी बस्ती में रविवार को एक विवाहिता फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे लेकर टीएमयू अस्पताल गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में पति सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सैनी बस्ती निवासी सुरेश सैनी की हिंदू काॅलेज के नजदीक चाय की दुकान है। शनिवार दोपहर को चाय विक्रेता और उसकी पत्नी शिवानी के बीच घरेलू मामले को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद देर शाम शिवानी की गर्दन फंदे से लटकी मिली। परिवार के लोगों ने विवाहिता की गर्दन फंदे से लटकता देखकर शोर मचाया। परिजन उसे लेकर टीएमयू अस्पताल गए। डाॅक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अमरोहा जिले के कोतवाली देहात अहमदनगर की शिवानी की शादी करीब पांच साल पहले सुरेश सैनी के साथ हुई थी। शिवानी की दो बेटियां हैं। कोतवाली थाना प्रभारी ऊषा मलिक ने बताया कि विवाहिता के पिता ओमप्रकाश ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति सुरेश सैनी, सास धनवती, देवर विष्णु व जेठ अंगा सैनी के खिलाफ तहरीर दी। इसी आधार पर पति सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस मामले में विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।