कांठ। दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता से मारपीट कर प्रताड़ित करने, तीन तलाक देने सहित कई आरोपों में पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर उसके पति सहित ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले बिजनौर के कस्बा निवासी युवक से हुई थी। जिसमें उसके मायके वालों ने काफी खर्च किया था। आरोप है कि शादी के बाद से पति और ससुराल वाले मायके से दहेज में कार और पांच लाख रुपये लाने की मांग करते हुए आए दिन मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने लगे। अनेकों बार इन लोगों को समझाया भी गया, लेकिन इनका रवैया नहीं बदला तथा उसे और ज्यादा परेशान किया जाने लगा। रिपोर्ट में पीड़िता ने अपने ससुर और ननदोई पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने समझौते के लिए वार्ता के दौरान एक महीने पहले उसे और उसके मायके से मारपीट करते हुए पति द्वारा तीन तलाक व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस मामले में एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर बुधवार को कांठ पुलिस ने उसके पति व पांच महिलाओं सहित ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसएचओ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद विवेचना की जा रही है।