मुरादाबाद। नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे रविवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। सोनकपुर थानाक्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने नौ अक्तूबर को क्षेत्र के भूड़ावास निवासी शैलेंद्र उर्फ बिट्टू के खिलाफ केस दर्ज कराया था जिसमें पीड़िता ने बताया कि करीब पांच साल पहले एमकॉम करने के बाद वह नौकरी की तलाश में थी। इसी दौरान आरोपी शैलेंद्र उर्फ बिट्टू से उसकी जान पहचान हो गई थी। आरोपी नौकरी लगवाने के बहाने उसे अपने साथ मेरठ, बरेली, मुरादाबाद और पाकबड़ा लेकर गया था। एक दिन घर लौटते समय रात होने पर अपने दोस्त के घर ले गया था वहां आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना लिया था। इसके बाद आरोपी ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी शैलेंद्र उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।