कुंदरकी। बुधवार को कुंदरकी में महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई जिसमें महर्षि वाल्मीकि समेत अनेक धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। कुंदरकी नगर के मोहल्ला सादात पश्चिमी में स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ चेयरमैन पति मेहंदी हसन और सामाजिक कार्यकर्ता शिवा बल भटनागर ने किया। शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार से होती हुई मोहल्ला नूरूल्ला और सैफियों वाली पुलिया से गुजरते हुए बस स्टैंड पर पहुंची और वहां से मुख्य बाजार से होती हुई वापस मंदिर पर ही आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि, श्रीराम लक्ष्मण, मां दुर्गा, राधा कृष्ण, भगवान विष्णु, हनुमान जी, गणेश जी, लव कुश आदि धार्मिक झांकियां रहीं। डीजे और बैंड बाजे से निकल रही धुनों पर युवा थिकरते नजर आए। वहीं काली और अघोरी के अखाड़े आर्कषण का केंद्र रहे जिसमें कलाकार अद्भुत कला का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में कुंदरकी विधायक के प्रतिनिधि ठाकुर जयवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप, सुभाष सम्भुक, संजय दिवाकर, अनुप्रिया शर्मा, शोभित वाल्मीकि, डॉ इंद्र कुमार अग्रवाल, श्योराज सिंह, प्रिंस चंद्रा, अमर दीप, महावीर वाल्मीकि, शिवकुमार वर्मा, पुत्तन वाल्मीकि, बाबू वाल्मीकि, मुकुल, अरविंद, निखिल समेत काफी संख्या में लोग रहे। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को थाना प्रभारी जयपाल सिंह ग्वाल पुलिस बल और पीएसी बल के साथ मौजूद रहे।