मुरादाबाद। जिले के विभिन्न कॉलेजों के एलएलबी के विद्यार्थी जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में उतर आए हैं। सोमवार को रामपुर पहुंचकर आरडीए द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन दिया। विद्यार्थियों ने रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को गिराने के हालिया आदेश पर चिंता व्यक्त की। छात्र गगन सिंह ने कहा कि इस प्रस्तावित कार्रवाई से विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक जाएगा। यह संस्थान शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है और इमारतों को तोड़ने से न केवल शैक्षणिक नुकसान होगा बल्कि अमूल्य संपत्ति भी नष्ट होगी। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय की तकनीकी या प्रशासनिक कमियों को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाए, ताकि संस्थान का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे। इस दौरान छात्रों के हाथों में शिक्षा की ज्योत जगाने निकले हैं हम जौहर विश्वविद्यालय को बचाने निकले हैं, हमारी मांग पूरी हो जौहर यूनिवर्सिटी की रक्षा जरूरी हो जैसे स्लोगन लिखे कार्ड थे।