फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: 19 साल से बंद पड़े रोडवेज बस स्टेशन के जीर्णोद्धार के लिए परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक को भेजा पत्र

Thu, 03 Sep 2026 02:34 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
ठाकुरद्वारा। लोगों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए बनाया रोडवेज बस स्टेशन खस्ता हालत में है। इस संबंध में परिवहन निगम मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिवहन निगम लखनऊ के प्रधान प्रबंधक को पत्र भेजकर रोडवेज बस स्टेशन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है। उसका जीर्णोद्धार कराने पर जोर दिया गया है। वर्ष 2007 में तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में ठाकुरद्वारा से चार किमी दूर मुंशीगंज में रोडवेज बस स्टेशन का शिलान्यास तत्कालीन मंत्री शिवपाल यादव ने किया था। जो 19 वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो सका है। शिलान्यास के बाद रोडवेज बस स्टेशन की चहारदीवारी बनाई गई और एक कमरा वहां बना दिया गया लेकिन अभी तक वहां से रोडवेज की बसों का संचालन नहीं हो सका है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और संगठन इस रोडवेज बस स्टेशन को शुरू करने की मांग समय-समय पर करते रहते हैं लेकिन अभी तक आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष शिवेंद्र गुप्ता ने इस मामले को कई बार उठाया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान ने भी इस बारे में मुख्यमंत्री और प्रदेश के परिवहन मंत्री से मिलकर रोडवेज बस स्टेशन को शुरू कराने की मांग की है लेकिन अभी तक रोडवेज बस स्टेशन शुरू नहीं हुआ है वहां पर जंगल जैसी स्थिति दिखाई देती है। अब परिवहन निगम मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक ने विभाग के प्रधान प्रबंधक लखनऊ को पत्र भेजकर रोडवेज बस स्टेशन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा है कि इस समय रोडवेज बस स्टेशन के सामने फोरलेन हाईवे का निर्माण चल रहा है। स्टेशन के अंदर बसों के आने-जाने के लिए वहां पर पुलिया का निर्माण होना जरूरी है। वहीं बस स्टेशन जंगल जैसी है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने प्रधान प्रबंधक से मुख्यालय से किसी वस्तुविद को भेज कर रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण का एस्टीमेट बनवाने का अनुरोध किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें