ठाकुरद्वारा। गांव पाड़ला निवासी अधिवक्ता कुलदीप सिंह त्यागी की कार के आगे अचानक तेंदुआ आ गया। करीब 15 मिनट बाद तेंदुआ सड़क से हटा, तब वह आगे बढ़ सके। अधिवक्ता के मुताबिक यह घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे की है। वह अपनी कार से ठाकुरद्वारा से पाड़ला-मधुपुरी मार्ग पर जा रहे थे तभी सड़क पार करता तेंदुआ दिखा। उन्होंने तेंदुए को देखते ही कार रोक ली। इस बीच करीब 15 मिनट तक तेंदुआ सड़क पर ही खड़ा रहा। तेंदुए के चले जाने पर उन्होंने अपनी कार आगे बढ़ाई। उन्होंने बताया कि गांव में काफी समय से तेंदुए का आतंक है। करीब 20 दिन पूर्व गांव के किसान रामप्रसाद सहित दो लोगों पर तेंदुए ने हमले का प्रयास भी किया था। दोनों बाल-बाल बाल बचे थे। वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगा रखा है लेकिन अब तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। उधर, वन विभाग के रेंजर रवि कुमार गंगवार का कहना है कि कार के आगे तेंदुआ आने की सूचना उन्हें नहीं मिली है।