कांठ। सिंचाई विभाग की ढिल के कारण नहरों में पानी तो दूर अभी इनकी साफ-सफाई तक नहीं हो पाई है। पानी की आपूर्ति नहरों में न होने के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि नहरों सफाई और पानी न होने से परेशानी हो रही है। कांठ तहसील क्षेत्र में महमूदपुर रजवाह और उमरी कलां रजवाह सहित कई छोटी बड़ी नहरें हैं। जिनके सहारे क्षेत्र के किसान अपनी फसलों की सिंचाई करते हैं। लेकिन अनदेखी के कारण पिछले काफी दिन से क्षेत्र की सभी नहरें सूखी पड़ी हुई हैं। जिसके कारण किसानों के सामने सिंचाई का संकट हो रहा है। किसान सितंबर से नहरों की सफाई कराकर पानी की आपूर्ति करने की मांग अधिकारियों से करते आ रहे हैं, लेकिन अभी पानी की आपूर्ति तो दूर इनकी साफ-सफाई का कार्य भी सिंचाई विभाग के द्वारा प्रारंभ नहीं किया गया है। नियमानुसार 15 नवंबर तक नहरों में पानी की आपूर्ति देनी है लेकिन सफाई न होने से नहरों में गंदगी पसरी हुई है। जिसके कारण किसानों को टोल तक पानी नहीं मिल पाता है। इसे लेकर भाकियू के पश्चिमी यूपी उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नहरों की सफाई और जल्द पानी छुड़वाए जाने की मांग की है। वहीं किसानों ने चेतावनी भी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।