अमर उजाला ब्यूरोमुरादाबाद। जंभेश्वर विवि ने स्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑन द स्पाट आवेदन तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी स्नातक में पांच अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। अभी तक स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी।विवि से संबद्ध मंडल के 372 महाविद्यालयों में ऑन द स्पाट एडमिशन की तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर पांच अगस्त कर दी गई है। दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, गोकुलदास गर्ल्स पीजी कॉलेज और राजा हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज, केजीके कॉलेज और हिंदू कॉलेज में स्नातक में बची सीटों पर छात्र-छात्राएं एडमिशन ले सकते हैं। इन कॉलेजों में स्नातक में 2200 से अधिक सीटें खाली हैं। महाविद्यालयों में आवेदन जमा करने और सीटों के लाक करने की अंतिम तिथि छह जुलाई है। वहीं, हिंदू कॉलेज में बीए और बीएससी बायो की सीटें फुल हो चुकी हैं। कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्नातक में एडमिशन लेने वाले छात्र विवि की वेबसाइट के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के बाद पंजीकरण फार्म वितरित कर इच्छुक महाविद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते हैं। पंजीकरण का 150 रुपये शुल्क निर्धारित है।