मूंढापाडे। थाना क्षेत्र में जीरो पाॅइंट के पास सड़क हादसे में घायल मजदूर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस इस घटना में प्रयुक्त वाहन की तलाश कर रही है। कांठ थाना क्षेत्र के सलेमपुर गढ़ी निवासी मो. इसरार (50) डेकोरेटर के यहां मजदूरी करता था। 21 अक्तूबर को मजदूर अपने डेकोरेटर के भाई के साथ जीरो पाॅंइट स्थित हाईवे पर बाइक खड़ा कर दिया। दोनों दिल्ली से बस द्वारा मंगाए जा रहे कपड़े और फूलों को लेने के लिए खड़े थे। देर रात अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मारकर घायल कर दिया था। चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पांच दिन तक इलाज के बाद रविवार को जिला अस्पताल में मजदूर की मौत हो गई। इस मामले में मजदूर के भतीजे मोहम्मद फैज ने बताया कि उसका चाचा मो. इसरार ( 55) गांव के नदीम के कटघर थाना क्षेत्र में ताजपुर में डेकोरेशन गोदाम पर मजदूरी करते थे। इस मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी का कहना है कि तहरीर मिलने पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो