मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बुंदकी और मुरशदपुर के बीच मंगलवार सुबह कपलिंग खुलने से जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि कोच के पहिये पटरी से नहीं उतरे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजन की रफ्तार कम दी। इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आधे घंटे बाद कपलिंग जोड़ी और ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई। जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार सुबह अमृतसर जा रही थी। मंगलवार सुबह नौ बजकर बीस मिनट पर ट्रेन बुंदकी और मुरशदपुर के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान कपलिंग खुल गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी गई। जिस वक्त कपलिंग खुली थी। उस समय ट्रेन की रफ्तार कम थी। सूचना मिलने पर तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और कपलिंग जोड़ी गई। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।