बारिश होने के बाद जर्जर कांठ रोड पर गड्ढों में वाहनों के फंसने पर लोनिवि की कलई खुल गई है। जल निगम ने भटावली से लेकर पीएसी तिराहे तक जहां रोड की खोदाई की थी, उन स्थानों पर बसें, टेंपो और बाइक के पहिए दो दिन तक धंसने लगे। कांठ रोड के तीन किलोमीटर लंबाई में लगभग 30 गड्ढे हो गए हैं। 22 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होने पर गड्ढों के चलते पैदल चलना मुश्किल हो जाएगा।इसके अलावा कांवड़ियों के साथ वाहन भी मौजूद रहेंगे। जिले के अधिकारी भी कांवड़ यात्रा से पहले रोड बनाने के लिए लोनिवि पर दबाव बना रहे हैं।
लोनिवि ने बालू डालकर गड्ढों को पाटने की कोशिश की लेकिन गड्ढों में कोई कमीं नहीं हुई हैं। शहर से लेकर शेरूआ चौराहा अगवानपुर तक रोड जर्जर होने से काफी संख्या में गड्ढे हो गए हैं। इस मामले में स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से शिकायत की थी। हालत यह है कि आए दिन यहां बाइक सवार गिर रहे हैं। लोनिवि ने अकबर किला के नजदीक दो स्थानों पर चार पुलिया का निर्माण किया है, ताकि बारिश में जलभराव न हो सके।
पुलिया को जोड़ने वाले नालों के निर्माण के चलते रोड का काफी हिस्सा बाधित है। इस मामले में मंडलायुक्त के निर्देश पर लापरवाही की जांच अपर आयुक्त प्रशासन कर रहे हैं। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने रोड निर्माण में देरी के लिए जल निगम के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं जल निगम के अधिशासी अभियंता का कहना है कि 20 मीटर काम ही शेष रह गया है। लोनिवि को निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए। भटावली से पीएसी तिराहे तक करीब पांच किमी सीवर लाइन डालने का काम जल निगम ने कराया है।