रामपुर की पूर्व सांसद और अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में शुक्रवार को भी सुनवाई नहीं हो पाई। अभिनेत्री कोर्ट में हाजिर नहीं हुईं। उनके वकील ने अदालत में मेडिकल रिपोर्ट दाखिल करते हुए एक बार फिर समय की मांग की। जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई के लिए चार अगस्त को होगी।
कटघर क्षेत्र में मुस्लिम डिग्री कॉलेज में 2019 लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। जिसमें रामपुर के पूर्व सांसद आजम खां, मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन समेत अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्ति जनक टिप्पणी की गई थी।
इस मामले में रामपुर निवासी मुस्तफा हुसैन ने आजम खां, डॉ. एसटी हसन, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खां, आयोजक मोहम्मद आरिफ, रामपुर के पूर्व चेयरमैन अजहर खां के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को मुकदमे की सुनवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनिंदर सिंह की अदालत में की गई।
इस मामले में अभिनेत्री और रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा को शुक्रवार को अदालत में हाजिर होकर अपने बयान दर्ज कराने थे, लेकिन उनके अधिवक्ता अभिषेक भटनागर द्वारा जयाप्रदा की 15 दिन की मेडिकल रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत की। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने मुकदमे की सुनवाई के लिए 4 अगस्त तय की है।