मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में मुठभेड़ में पकड़े गए जफर के सोमवार को पुलिस ने कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। जफर को जेल में चिकित्सक की देखरेख में मुलाहिजा बैरक (नई बंदियों की बैरक) में रखा गया है।
उत्तराखंड के भरतपुर में बारह अक्तूबर की रात पुलिस टीम पर हमला कर खनन माफिया जफर फरार हो गया था। शनिवार सुबह जफर को पुलिस ने पाकबड़ा क्षेत्र में मुठभेड़ के बीच गिरफ्तार किया था। उसके पैर में गोली लगी थी। घायल जफर को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया था। शनिवार शाम पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था। तब जफर के अधिवक्ता की ओर से कोर्ट प्रार्थनापत्र दाखिल कर मांग की थी कि जफर घायल है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाए। तब पुलिस ने जेल पहुंचकर उसका रिमांड दाखिल कराया गया था। जबकि जफर को टीएमयू अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया गया था। सोमवार को पुलिस दोबारा जफर को लेकर कोर्ट में पहुंची और मजिस्ट्रेट के सामने सीआरपीसी की धारा 164 के बयान दर्ज कराए। बयान होने के बाद जफर को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जेल अधीक्षक डा. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जफर को मुलाहिजा बैरक में रखा गया है। जेल अस्पताल के चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं।